एकता कपूर हमेशा ही कुछ नया लाकर दर्शकों को हैरान करने की फिराक में रहती है. इसी कड़ी में अभी हाल ही में एकता ने 'नागिन 3' की मिस्ट्री से आखिरकार पर्दा उठा ही दिया. एकता 'नागिन 3' की प्रोड्यूसर हैं. उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस शो का पहला पोस्टर रिलीज किया है. पोस्टर में बिग बॉस में नजर आ चुकी करिश्मा तन्ना भी नजर आ रही हैं.दर्शकों को एकता कपूर ने नागिन से मिलवा दिया है. इस सीरियल और फिल्म की प्रोड्यूसर एकता कपूर ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि, लीजिए पहली नागिन आ गई है. करिश्मा तन्ना तुम्हारा 'नागिन 3' में स्वागत है. जल्द ही टेलीविजन पर नजर आएगा.
आपको बता दें कि इस बार नागिन के रोल में 'कुबूल है' की एक्ट्रेस सुरभि ज्योति नजर आने वाली हैं. इस सीरियल के पिछले दो सीजन में मुख्य किरदार के रूप में मौनी रॉय नजर आईं थी. जिनकी जगह अब सुरभि ज्योति ने ले ली है. मौनी रॉय के अलावा एक्ट्रेस अदा खान भी अब इस शो में नजर नहीं आएंगी. उनकी जगह अनीता हसनंदानी 'नागिन 3' में दिखने वाली हैं.
करिश्मा तन्ना इससे पहले भी कई सीरियलों में नजर आ चुकी हैं. 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' और 'नागार्जुन- एक योद्धा' जैसे सीरियल में उन्हें काफी पसंद किया गया था. इसके अलावा करिश्मा तन्ना 'बिग बॉस 8' में भी सुर्खियों बटौर चुकी हैं.